उत्तराखंड के इन जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली का अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार 

 

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के नौ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

 

 

वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। इसके अलावा 10 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

इन 9 जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

10 जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।

इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहें। पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले लोग मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की सलाह पर विशेष ध्यान दें।