उत्तराखंड में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत , इन जिलों के लिए बारिश का अलर्ट, जानिये कब होगी मॉनसून की एंट्री?
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्य में इस समय मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं।
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्य में इस समय मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं।
जहां पहाड़ी जिलों में बारिश, तेज आंधी और बर्फबारी से मौसम सुहावना बना हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र ने सोमवार, 25 मई के लिए राज्य के कई जिलों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
इसके अलावा 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।बारिश और खराब मौसम को देखते हुए चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम अपडेट देखकर ही यात्रा करने की अपील की है।
मैदानी इलाकों पर कम पड़ेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ों में होने वाली बारिश का असर मैदानी क्षेत्रों में बहुत कम देखने को मिलेगा। हरिद्वार, उधम सिंह नगर और देहरादून के मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है।
समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार इस बार उत्तराखंड में मानसून सामान्य से पहले पहुंच सकता है। केरल में 26 मई तक मानसून पहुंचने की संभावना के बाद राज्य में भी जल्दी मानसून आने की उम्मीद बढ़ गई है।
मौसम विभाग के निदेशक सीएस तोमर के मुताबिक, आमतौर पर उत्तराखंड में मानसून 25 जून तक पूरी तरह सक्रिय होता है, लेकिन इस बार 20 जून के आसपास मानसून दस्तक दे सकता है।