उत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर, जानिए अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में इन दिनों पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिलने से पारा चरम पर पहुंच गया है। दून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। साथ ही दिन में लू के थपेड़े बेहाल कर रहे हैं।
सोमवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप खिली रही। दोपहर के समय गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, दून में सोमवार इस वर्ष का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। वहीं रुड़की, काशीपुर और खटीमा जैसे मैदानी क्षेत्रों में भी भीषण गर्मी लोगों की परीक्षा ले रही है।
मंगलवार को भी मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को भी पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा। प्रदेशभर में तेज धूप खिलने और तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। गर्मी और लू को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
बुधवार से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। कई पहाड़ी जिलों में आंशिक बादल छाने, गरज-चमक और तेज अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। साथ ही आकाशीय बिजली को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
हालांकि मैदानी इलाकों में गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों के तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
भीषण गर्मी और लू के चलते स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में बाहर निकलने से बचने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।