उत्तराखंड- बाढ़ देखने गए किशोर की नदी में डूबकर मौत, परिवार में कोहराम
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट ) उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां बाढ़ का नजारा देखने गए 11 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते लेवड़ा नदी में उफान आ गया। खमरिया गांव निवासी यश (11) अपने दोस्तों के साथ बाढ़ का नजारा देखने के लिए बेरिया दौलत रोड पर गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा।
बच्चों ने यश को बहते हुए देखा और शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उसे ढूंढने लगे। काफी मशक्कत के बाद यश का शव टाट वाले बाबा मंदिर के पास स्थित नहर से बरामद किया गया। स्थानीय लोग उसे तत्काल उप जिला चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही घटना के बाद परिवार में कोहराम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।