उत्तराखंड में आज भी मूसलाधार बारिश का अलर्ट, 6 जिलों में यलो अलर्ट
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में आज भी मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत छह जिलों के कुछ इलाकों के लिए बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने और गरज के साथ तेज से मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश के तेज दौर आने की संभावना जताई गई है।
25 अगस्त तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 25 अगस्त तक उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है, क्योंकि तेज बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने की स्थिति बन सकती है।
देहरादून में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
लगातार बारिश को देखते हुए देहरादून में आज कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा से बचने की अपील की है।