IIT रुड़की में दर्दनाक हादसा: मॉर्निंग वॉक पर निकली प्रोफेसर की पत्नी को ई-रिक्शा ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

 

रुड़की(उत्तराखंड पोस्ट) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की परिसर में मॉर्निंग वॉक के लिए निकली एक प्रोफेसर की पत्नी की ई-रिक्शा की चपेट में आने से मौत हो गई।

 

 

हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को पहले रुड़की के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।

केमिस्ट्री विभाग के बाहर हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, IIT रुड़की के बायोटेक्नोलॉजी विभाग में प्रोफेसर पार्थ राय की पत्नी रूपा राय 21 सितंबर की सुबह अपने आवास से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। बताया गया है कि वह जैसे ही केमिस्ट्री विभाग के बाहर वाली सड़क पर पहुंचीं, इसी दौरान एक ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी।

ई-रिक्शा की टक्कर से रूपा राय सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

गंभीर हालत में देहरादून किया गया रेफर

रुड़की के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा था।

हालांकि, डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद बुधवार को उपचार के दौरान रूपा राय की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद IIT रुड़की के अधिकारियों, फैकल्टी सदस्यों और छात्र-छात्राओं में शोक की लहर दौड़ गई।

IIT परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद IIT रुड़की परिसर में वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। परिसर में पर्याप्त सुरक्षा गार्ड होने के बावजूद वाहनों की गति और आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही है।

बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पहले भी परिसर में एक कार की टक्कर से छात्रा के घायल होने की घटना सामने आई थी। ऐसे में ताजा हादसे के बाद IIT परिसर में पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा और वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, हादसे के कारणों और ई-रिक्शा की आवाजाही से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।