उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा -  तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, दो छात्रों की मौत

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  देहरादून के आईटी पार्क क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो कॉलेज छात्रों की मौत हो गई। दोनों छात्र शहर के एक निजी कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे।

 

 

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11:58 बजे दोनों छात्र बुलेट बाइक से धोरणपुल से आईटी पार्क की ओर जा रहे थे। जब वे आईटी पार्क चौक से पहले आदर्श एन्क्लेव गेट के पास पहुंचे, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा में जाकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई।

हादसे में बाइक चला रहा बिहार निवासी देव कुमार (22) और उसके पीछे बैठा नागालैंड निवासी रोनित विश्वास (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद देव कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल रोनित विश्वास का इलाज जारी रखा गया। सिर और पैर में गंभीर चोटें होने के कारण बुधवार तड़के करीब चार बजे उपचार के दौरान रोनित विश्वास की भी मौत हो गई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों छात्रों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के कारण बाइक के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।