उत्तराखंड- पत्नी और तीन माह की बच्ची को कमरे में बंद कर युवक ने उठाया खौफनाक कदम, जांच में जुटी पुलिस
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित सुंदरवाला इलाके में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन माह की बच्ची को कमरे में बंद करने के बाद फांसी लगाकर जान दे दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिटी कंट्रोल रूम को मंगलवार को सूचना मिली कि सुंदरवाला निवासी शुभम (24), पुत्र नरेंद्र सिंह, ने अपने घर के कमरे में खिड़की की ग्रिल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने युवक को फंदे से उतारकर कमरे के फर्श पर लिटा दिया था। मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की टीम ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस की फील्ड यूनिट टीम ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है, जहां पंचायतनामा की कार्रवाई भी की गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक की शादी नवंबर 2024 में प्रेम विवाह के रूप में हुई थी और वह पेशे से ड्राइवर था। पति-पत्नी के बीच विवाद की बात भी सामने आई है, जिसे घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।