उत्तराखंड - अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है।
शिमला बाईपास हाईवे स्थित बुड्ढी गांव में अज्ञात हमलावरों ने अधिवक्ता सोहेल की उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात बीती रात की है। बताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाश देर रात अधिवक्ता सोहेल के घर में घुसे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से सोहेल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोभाल सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामले की जांच के तहत पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर हर पहलू से जांच कर रही है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।