उत्तराखंड-   बीएसएफ जवान ने शादीशुदा प्रेमिका को जहर देकर मार डाला, खुद भी उठाया खौफनाक कदम

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।

 

 

आरोप है कि सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान ने अपनी कथित प्रेमिका को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी ने भी कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत के आधार पर आरोपी जवान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस का कहना है कि उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पत्नी की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रमेंद्र नेगी (38), निवासी मोहब्बेवाला, क्लेमेंटाउन, छुट्टी पर घर आया हुआ था। उसकी पत्नी ने पुलिस को सूचना दी कि प्रमेंद्र ने फोन कर अपनी लोकेशन भेजी और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है तथा खुद भी जहर खा लिया है।

सूचना मिलते ही पुलिस लोकेशन के आधार पर मियांवाला चौक स्थित एक होमस्टे पहुंची। वहां कमरे में प्रमेंद्र नेगी बेसुध अवस्था में मिला, जबकि 40 वर्षीय आरती बिष्ट, निवासी गूलरघाटी, नकरौंदा, मृत अवस्था में मिलीं। पुलिस ने आरोपी को पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में दून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

दो दिनों से होमस्टे में साथ थे दोनों

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि प्रमेंद्र नेगी और आरती बिष्ट के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले दो दिनों से मियांवाला स्थित होमस्टे में साथ ठहरे हुए थे।

मृतका के पति ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका के पति पंकज सिंह बिष्ट ने डोईवाला कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी और आरोपी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस संबंध की जानकारी आरोपी के परिवार को थी और आरोपी की पत्नी लगातार इस रिश्ते को खत्म करने का दबाव बना रही थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी विवाद के चलते प्रमेंद्र नेगी ने आरती को जहर देकर मार डाला और बाद में खुद भी जहर खा लिया।पति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फॉरेंसिक जांच का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस का बयान

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी की हालत गंभीर है और वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।