उत्तराखंड-  बिजली का खंभा लगाते समय बड़ा हादसा, करंट लगने से कर्मचारी की मौत, 4 गंभीर रूप से झुलसे

राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में बिजली का खंभा लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया।

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में बिजली का खंभा लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया।

 

 

आरडीएसएस (रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम) योजना के तहत कार्य कर रहे कर्मचारियों की टीम उस समय हादसे का शिकार हो गई, जब लगाया जा रहा खंभा पास से गुजर रही 11 हजार केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

 

 

जानकारी के अनुसार, रविवार को पथरीबाग स्थित ओम सिटी के पास निजी कंपनी के अधीन कार्यरत कर्मचारी बिजली का खंभा स्थापित कर रहे थे। इसी दौरान खंभा पास से गुजर रही 11 हजार केवी विद्युत लाइन से छू गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए।

 

हादसे में उमेश कुमार, निवासी अमरोहा (उत्तर प्रदेश), की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पप्पू, जसमान समेत चार अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

 

बताया जा रहा है कि सभी कर्मचारी एक ठेकेदार के माध्यम से निजी कंपनी के लिए कार्य कर रहे थे और आरडीएसएस योजना के तहत बिजली के खंभे लगाने का काम कर रहे थे। मृतक और घायल सभी कर्मचारी उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के निवासी हैं।

कोतवाली पटेल नगर प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि अस्पताल से करंट लगने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसमें एक कर्मचारी की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर या मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों के पालन की जांच में जुटी हुई है।