Uttarakhand News: मानसून से पहले सरकार की बड़ी तैयारी, पर्वतीय क्षेत्रों में मिलेगा तीन महीने का राशन एक साथ
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) मानसून के मौसम में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण अक्सर सड़कें बाधित हो जाती हैं, जिससे कई इलाकों का संपर्क टूट जाता है। ऐसी परिस्थितियों में लोगों को राशन की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए खाद्य विभाग ने पहले से ही आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शासन के निर्देश पर दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों के सरकारी गोदामों में जुलाई, अगस्त और सितंबर माह का खाद्यान्न पहले ही पहुंचा दिया गया है। एक जुलाई से राशन डीलरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को तीनों महीनों का राशन वितरित किया जाएगा।
चारधाम यात्रा मार्ग से जुड़े जिलों में भी खाद्यान्न आपूर्ति को प्राथमिकता दी गई है। विभाग ने इन क्षेत्रों के सभी गोदामों में शत-प्रतिशत राशन उपलब्ध कराने का दावा किया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो।अपर आयुक्त खाद्य पीएस पांगती ने बताया कि मानसून को देखते हुए खाद्यान्न भंडारण और आपूर्ति की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि सभी गोदामों में पर्याप्त राशन पहुंच चुका है और जुलाई माह के दौरान ही तीन माह का राशन वितरित कर दिया जाएगा।
इसके अलावा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न भंडार भी सुरक्षित रखा गया है। यह बफर स्टॉक के रूप में कार्य करेगा और जरूरत पड़ने पर तत्काल उपयोग में लाया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि मानसून के दौरान प्रदेश का कोई भी उपभोक्ता राशन से वंचित न रहे।