Uttarakhand: एडमिट कार्ड का QR Code बताएगा परीक्षा केंद्र का रास्ता, UKPSC ने शुरू की नई डिजिटल व्यवस्था

UKPSC और UKSSSC की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अब परीक्षा केंद्र तलाशने में परेशानी नहीं होगी। एडमिट कार्ड पर दिए गए QR Code को स्कैन करते ही केंद्र की लोकेशन मोबाइल पर खुल जाएगी। आयोग ने इसके लिए नया परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम तैयार किया है।
 

 

देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) : उत्तराखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं को तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थी एडमिट कार्ड पर दिए गए QR Code को स्कैन कर सीधे अपने परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन तक पहुंच सकेंगे।नई व्यवस्था का उद्देश्य अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र खोजने में होने वाली परेशानी से राहत देना और परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित बनाना है।
 

डिजिटल हुआ परीक्षा केंद्र चयन

UKPSC ने दोनों भर्ती आयोगों के लिए एकीकृत परीक्षा केंद्र प्रबंधन प्रणाली (Exam Centre Management System) विकसित की है। इस पोर्टल पर परीक्षा केंद्रों का केवल एक बार पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद हर नई भर्ती परीक्षा के लिए दोबारा पंजीकरण की जरूरत नहीं पड़ेगी।
 

सिस्टम में परीक्षा केंद्रों की बैठक क्षमता, तकनीकी सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों का पूरा रिकॉर्ड रहेगा। इसी आधार पर आयोग आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त परीक्षा केंद्रों का चयन कर सकेगा।


ऑनलाइन मिलेगी हर जानकारी

नई प्रणाली के जरिए परीक्षा केंद्रों को पंजीकरण, परीक्षा संबंधी निर्देश, उपस्थिति और अन्य जरूरी सूचनाएं SMS और ई-मेल के माध्यम से स्वतः भेजी जाएंगी। वहीं, परीक्षा केंद्र ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे, जिससे निगरानी और रिकॉर्ड प्रबंधन पहले से अधिक आसान और पारदर्शी होगा।


प्रदेशभर में 200 केंद्र जुड़े

आयोग के अनुसार, इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अब तक उत्तराखंड के 200 परीक्षा केंद्रों का पंजीकरण किया जा चुका है। इनमें सबसे अधिक केंद्र चंपावत (33) और देहरादून (31) में हैं। इसके अलावा चमोली (24), पौड़ी (21), ऊधमसिंह नगर (19), नैनीताल (17), उत्तरकाशी (16), रुद्रप्रयाग (13), बागेश्वर (9), हरिद्वार (8), पिथौरागढ़ (6), अल्मोड़ा (2) और टिहरी (1) के परीक्षा केंद्र भी पोर्टल से जुड़ चुके हैं। आयोग जल्द ही अन्य केंद्रों को भी इस प्रणाली में शामिल करेगा।


पारदर्शी और तेज होगी परीक्षा व्यवस्था

राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि नई डिजिटल व्यवस्था से कागजी प्रक्रिया कम होगी, परीक्षा केंद्रों के साथ समन्वय बेहतर होगा और परीक्षा संचालन अधिक पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी बन सकेगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों के चयन में समय और संसाधनों की भी बचत होगी।