उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: यात्रियों से भरी बस पलटी,  दो स्कूटी सवारों की मौत

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए।
 

 

 

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए।

 

 

हादसा भद्रकाली से आगे कपटियाल मोड़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ढलान पर उतरते समय बस के ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर बैठे दो युवक भी बस की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

 

 

ब्रेक फेल होने की जानकारी यात्रियों को दी

जानकारी के अनुसार, राजस्थान नंबर की बस में बिहार के समस्तीपुर, छपरा, दरभंगा और आसपास के जिलों के साथ ही उत्तर प्रदेश के बिहार से सटे जिलों के यात्री सवार थे। करीब 60 यात्री हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने के लिए आए थे।

यात्री बृहस्पतिवार रात करीब 9:30 बजे दिल्ली से बस से रवाना हुए थे। शुक्रवार सुबह ऋषिकेश पहुंचने के बाद बस को खारास्रोत पार्किंग में खड़ा किया गया। इसके बाद सभी यात्री त्रिवेणी घाट पहुंचे और स्नान करने के बाद दोपहर करीब 12 बजे नीलकंठ की यात्रा पर चले गए। नीलकंठ से लौटने के बाद यात्रियों ने लक्ष्मणझूला, रामझूला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में घूमने के बाद खारास्रोत पार्किंग का रुख किया।

कपटियाल मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटी बस

शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे यात्री बस से हरिद्वार के लिए रवाना हुए। भद्रकाली पुलिस चौकी से नीचे की ओर ढलान शुरू होते ही चालक ने यात्रियों को बताया कि बस के ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं। चौकी से करीब एक किलोमीटर आगे कपटियाल मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर अचानक पलट गई। हादसे के दौरान सड़क किनारे बैठे दो चचेरे भाई बस की चपेट में आ गए।

दो चचेरे भाइयों की मौके पर मौत

मृतकों की पहचान शुभम (26) पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट और ऋषभ (34) पुत्र विक्रम सिंह बिष्ट, निवासी गली नंबर-6, गणेश विहार, गंगानगर, ऋषिकेश के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई थे। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही भद्रकाली चौकी प्रभारी

राजेंद्र रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला और उपचार के लिए एसपीएस उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

13 यात्री घायल, महिला को एम्स रेफर किया

हादसे में बस सवार 13 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को एसपीएस उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इनमें एक महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है।