उत्तराखंड मौसम: इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, रहें सतर्क
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने बुधवार से अगले कई दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर जबकि मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
23 से 25 जुलाई तक भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 23 जुलाई को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं 24 और 25 जुलाई को भी देहरादून सहित कई जिलों में भारी वर्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने, तेज गर्जना और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की भी चेतावनी जारी की गई है।
भूस्खलन और जलभराव का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के चलते संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़क और राजमार्ग बाधित होने, नदियों और नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा निचले क्षेत्रों में जलभराव जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं।
लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है।