Uttarakhand Weather Update: मानसून से पहले बढ़ी गर्मी, उमस से लोग बेहाल; तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड में गर्मी के तेवर बरकरार, जल्द मानसून की एंट्री से बदल सकता है मौसम का मिजाज।
 

देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट): उत्तराखंड में मानसून की दस्तक से पहले गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे उमस का असर भी काफी बढ़ गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों के भीतर राज्य के कुछ हिस्सों में मानसून प्रवेश कर सकता है।

शुक्रवार को देहरादून सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। राजधानी का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक रहा। इसी तरह प्रदेश के अन्य इलाकों में भी गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया।

मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाईं, जबकि पहाड़ी इलाकों में भी तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसून के आने से पहले कुछ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने शनिवार (27 जून) के लिए पर्वतीय जिलों में बिजली चमकने, गरज के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मैदानी इलाकों में फिलहाल गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार कम हैं।