नेपाल आपदा पर उत्तराखंड की मदद, सीएम धामी ने कहा- मुश्किल घड़ी में साथ खड़ा है प्रदेश
देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) नेपाल में आई भीषण आपदा को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में उत्तराखंड समेत पूरा भारत नेपाल के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है। मुख्यमंत्री धामी ने भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे गहरे सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि नेपाल में हुई आपदा बेहद दुखद है। वहां से सामने आई घटनाओं और तस्वीरों ने सभी को भावुक किया है। ऐसे समय में दोनों देशों के बीच सहयोग और एकजुटता का महत्व और बढ़ जाता है।
उत्तराखंड से नेपाल भेजी गई टीम
सीएम धामी ने बताया कि नेपाल की स्थिति को देखते हुए उत्तराखंड से भी एक टीम मदद के लिए भेजी गई है। यह टीम करीब आठ से दस दिन नेपाल में रहकर हालात का जायजा लेगी। टीम के साथ तत्काल राहत कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि भी भेजी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीम नेपाल में जमीनी स्थिति का आकलन करेगी और वापस लौटने के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की जरूरतों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल को मदद का भरोसा दिया
सीएम धामी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नेपाल के प्रधानमंत्री से बातचीत कर आपदा की स्थिति पर जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए मदद का भरोसा दिया। भारत की ओर से नेपाल को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सीमा नेपाल से लगी हुई है और दोनों क्षेत्रों के बीच सामाजिक, पारिवारिक और सांस्कृतिक संबंध भी हैं। ऐसे में नेपाल की आपदा को लेकर उत्तराखंड के लोगों में भी गहरी संवेदना है।
उत्तराखंड सरकार ने राहत प्रयासों के तहत नेपाल की स्थिति पर नजर बनाए रखने और जरूरत के अनुसार आगे सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।