उत्तराखंड-  युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

 

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र से युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

 

 

रक्षा विहार मुस्लिम बस्ती में 21 वर्षीय इफ्तिखार का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवक की मौत

जानकारी के मुताबिक, रायपुर थाना क्षेत्र में इफ्तिखार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि इफ्तिखार के दोस्तों ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद उसकी मौत हुई। हालांकि, युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक की मौत के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर सबूत मिटाने का प्रयास किया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतक के दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

FSL और फील्ड यूनिट ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है। FSL और फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत हत्या है या किसी अन्य वजह से हुई, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।