उत्तराखंड में मौसम अलर्ट- इन जिलों में होगी बारिश और बर्फबारी,जानें पूरा अपडेट
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए ताज़ा मौसम अलर्ट जारी किया है।
आगामी दिनों में राज्य के पर्वतीय इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में अधिकांश समय मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार मंगलवार, 24 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।
राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश गरज और चमक के साथ हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। देहरादून में आज आसमान साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।