उत्तराखंड में मौसम अलर्ट- इन जिलों में होगी बारिश और बर्फबारी,जानें पूरा अपडेट
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार खराब बना हुआ है। मौसम विभाग ने 25 मार्च के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके अनुसार राज्य के कई पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार आज 25 मार्च को चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गर्जना और आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि इन जिलों में 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जिससे ठंड में और इजाफा होने के आसार हैं।
27 मार्च तक बना रहेगा मौसम का असर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है। 27 मार्च के लिए भी चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के चलते ऊंचाई वाले इलाकों में फिसलन और दृश्यता कम होने की समस्या हो सकती है। प्रदेश में मौसम के इस बदले मिजाज से एक ओर जहां ठंड बढ़ेगी, वहीं किसानों और आम जनजीवन पर भी इसका असर पड़ सकता है।