उत्तराखंड में मौसम का अलर्ट, कई जिलों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है।

 

 

मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर नया अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 15 जून को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है।

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों में बारिश और तेज तूफान आने की संभावना है। इसके साथ ही 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिकों ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने और मौसम की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं और बारिश के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और यातायात बाधित होने की आशंका भी जताई गई है।

इस बार जल्दी दस्तक दे सकता है मानसून

मौसम विभाग के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार, उत्तराखंड में सामान्य तौर पर मानसून 25 जून तक पूरी तरह सक्रिय हो जाता है। हालांकि इस बार मानसून के निर्धारित समय से पहले पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मौजूदा मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश में मानसून 20 जून के आसपास दस्तक दे सकता है। यदि ऐसा होता है तो राज्य में सामान्य से पहले अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।