उत्तराखंड में आज फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में येलो व ऑरेंज अलर्ट जारी
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी के बीच रविवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह से बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण ठंड का असर एक बार फिर बढ़ गया है।
रविवार सुबह बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई। इसके अलावा हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी जैसे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भी हिमपात दर्ज किया गया। बर्फबारी के कारण इन क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है और ठंड काफी बढ़ गई है। खराब मौसम के बावजूद बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में तैनात पुलिस और आईटीबीपी के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं।
बारिश से मैदानी इलाकों में मौसम सुहावना
मैदानी और निचले क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। देहरादून, हरिद्वार समेत कई जिलों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ, गोपेश्वर, पीपलकोटी और पोखरी सहित कई क्षेत्रों में भी बारिश हुई, जिससे वातावरण में ठंडक बढ़ गई है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए भी यह बारिश राहत लेकर आई है, क्योंकि इससे फसलों को पर्याप्त नमी मिलेगी।
आज भी कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज 16 मार्च को देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ तेज बारिश, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।