उत्तराखंड में आज भी बदला रहेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)   उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। गुरुवार शाम को पहाड़ से लेकर निचले क्षेत्रों में अंधड़ के साथ तेज बौछारें और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। 

 

 

राजधानी देहरादून समेत कई जिलों में हुई बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

  मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश व गर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है। इसे देखते हुए इन दोनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राज्य के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।)  

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।