उत्तराखंड में मौसम का कहर जारी, आज भी बारिश-बर्फबारी के आसार, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में आज बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 24 जनवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में बारिश के आसार हैं। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।
सैलानियों और कारोबारियों के खिले चेहरे
हालिया बर्फबारी के बाद पर्यटन स्थलों पर रौनक बढ़ गई है। बर्फ देखने पहुंचे सैलानियों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए एहतियातन शनिवार को प्रदेश के12 जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।