उत्तराखंड में आज से फिर बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

 
 

देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 1 फरवरी से प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है।

 

 पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी इलाकों में जहां बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ जिलों में घना कोहरा भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

 

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों यानी 3 फरवरी तक मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान कई पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है।

 

इन जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है। खासतौर पर 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ जमने की संभावना है।

 

तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का भी खतरा

मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंड का असर और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है।