उत्तराखंड में मानसून की विदाई से पहले बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश का अलर्ट
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई पहाड़ी जिलों में बारिश की संभावना जताई है।
विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम सामान्य तौर पर शुष्क रहने की संभावना है।
22 सितंबर को इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
23 सितंबर को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 23 सितंबर को भी पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में आवाजाही करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जाती है।
25 सितंबर तक बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में 25 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद उत्तराखंड से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां बनने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, मानसून की विदाई की आधिकारिक स्थिति मौसम विभाग के आगामी पूर्वानुमानों पर निर्भर करेगी।