उत्तराखंड में फिलहाल बदला रहेगा मौसम का मिजाज, इन जिलों के लिए आज भी अलर्ट जारी

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है।

बीते कुछ दिनों से बढ़ती गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश ने बड़ी राहत दी है। वहीं, तापमान में गिरावट आने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की ठंड का एहसास भी होने लगा है।

देहरादून में शाम की बारिश ने बदला मौसम

राजधानी देहरादून में मंगलवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने शहर के अधिकांश इलाकों में गर्मी से राहत दिलाई। दिनभर उमस और बढ़े हुए तापमान से परेशान लोगों ने शाम होते ही राहत की सांस ली।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को भी प्रदेश के मौसम में बदलाव बना रहेगा। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों  के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 

मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी भी दी है। इसके अलावा 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।

7 जून तक मौसम रहेगा मेहरबान

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में 7 जून तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। बुधवार को पर्वतीय जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाली बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी देखने को मिलेगा, जिससे गर्मी में और कमी आ सकती है।