उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, कई वाहन टकराए, कार में लगी आग, महिला की मौत

 
 

देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  हरिद्वार–देहरादून राजमार्ग पर रविवार रात रायवाला के पास मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा हो गया। 

 

 

कई वाहन आपस में टकरा गए, जिससे एक कार में भीषण आग लग गई। हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार रात करीब 10:20 बजे एक कार के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहा ट्रैक्टर उससे टकरा गया। इसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ट्रक और बस के बीच फंसकर बुरी तरह पिचक गई और उसमें आग लग गई।

हादसे के बाद महिला का शव ट्रक के नीचे फंस गया था, जिसे देर रात हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक हटाकर निकाला गया। घटना के कारण हाईवे पर हरिद्वार और रायवाला की ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य चलाया और यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया।