उत्तराखंड में आज अंधड़ के साथ बारिश का यलो अलर्ट, जल्द दस्तक देगा मानसून

 

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट)उत्तराखंड में मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है।

 

 

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना है। फिलहाल राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी। शुक्रवार को पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में गर्जन, तेज बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम की परिस्थितियां अनुकूल बन चुकी हैं। इससे पहले गुरुवार को मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी तक पहुंच चुकी थी।

इन जिलों में होगी बारिश

26 जून को राज्य के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिले में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने पर्वतीय इलाकों में गर्जन, तेज बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।