उत्तराखंड में आज भी आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, इस दिन पहुंच सकता है मानसून

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है।

 

 

मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आंधी की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जबकि 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।

18 जून तक मौसम रहेगा सक्रिय

पूर्वानुमान के मुताबिक 18 जून तक पूरे उत्तराखंड में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इस दौरान कई क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

22 जून तक उत्तराखंड पहुंच सकता है मानसून

मौसम विज्ञान केंद्र का अनुमान है कि इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून 22 जून के आसपास उत्तराखंड में प्रवेश कर सकता है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं और परिस्थितियां अनुकूल रहने पर मानसून तय समय के करीब राज्य में दस्तक दे सकता है।

प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ीं

मानसून के आगमन से पहले प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान थे, लेकिन अब बारिश की संभावना ने राहत की उम्मीद बढ़ा दी है।

मौसम विभाग की सलाह

विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के शुरुआती दौर में कुछ स्थानों पर तेज बौछारों, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।