उत्तराखंड में बदला मौसम, इन जिलों में बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान में बादल छाए हैं और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। राजधानी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को झमाझम बारिश के कई दौर देखने को मिले। बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के आठ जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
देहरादून में जमकर बरसे बादल
राजधानी देहरादून में मंगलवार सुबह से ही बादल छाए रहे। शहर के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश होती रही। सहस्रधारा रोड क्षेत्र में सबसे अधिक 47 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।इसके अलावा मालदेवता, मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश हुई। शाम के समय एक बार फिर देहरादून में घने बादल छा गए और गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश के कारण शहर के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली और मौसम सुहावना हो गया।
इन आठ जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, तेज झोंकेदार हवाएं चलने और तीव्र बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
प्रदेशभर में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को उत्तराखंड के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। बारिश और तेज हवाओं के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से खुले स्थानों और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।
4200 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी
मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है। पर्वतीय इलाकों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी को ध्यान में रखने की सलाह दी गई है।