उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य में प्री-मानसून गतिविधियों के तेज होने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 22 से 25 जून के बीच मानसून उत्तराखंड में प्रवेश कर सकता है, जिससे प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है।
आईएमडी के देहरादून केंद्र के अनुसार मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
पांच जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
देहरादून समेत कई क्षेत्रों में हुई बारिश
सोमवार को देहरादून, उत्तरकाशी और विकासनगर सहित कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
मैदानी जिलों में बना रहेगा शुष्क मौसम
वहीं दूसरी ओर हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और अन्य मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। इन क्षेत्रों में आसमान साफ रहने के साथ गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना बढ़ जाएगी।