उत्तराखंड में आज भी भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में येलो अलर्ट

 

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मंगलवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है।

 

 

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने और कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

30 अगस्त तक बारिश से राहत के आसार कम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में भी उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी रह सकता है। 30 अगस्त तक प्रदेश में मौसम के इसी तरह बने रहने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क मार्ग प्रभावित होने, भूस्खलन और स्थानीय स्तर पर जलभराव जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे में मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा की योजना बनाने और प्रशासन की ओर से जारी advisories का पालन करने की सलाह दी गई है।