किलिमंजारो फतह करने वाले नन्हे पर्वतारोही रियांश और प्रिशा पहुंचे देहरादून, CM धामी से की मुलाकात

उत्तराखंड के दो नन्हे पर्वतारोहियों ने अपनी उपलब्धि से प्रदेश का नाम रोशन किया है। माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले 9 वर्षीय रियांश पंत और 10 वर्षीय प्रिशा रावत ने देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
 

देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। दोनों बच्चों ने 22 अगस्त 2026 को समुद्र तल से 5,895 मीटर की ऊंचाई पर स्थित माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण कर वहां तिरंगा फहराया था।

9 वर्षीय रियांश पंत अल्मोड़ा जिले के चीनाखान के रहने वाले हैं, जबकि 10 वर्षीय प्रिशा रावत नैनीताल जिले के बैलपड़ाव की निवासी हैं। इतनी कम उम्र में दोनों ने चुनौतीपूर्ण पर्वत शिखर पर पहुंचकर अपनी प्रतिभा, साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है।

सीएम धामी ने दी बधाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों नन्हे पर्वतारोहियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना उनके साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रियांश और प्रिशा ने अपनी उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

युवाओं की प्रतिभा को बढ़ावा दे रही सरकार

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। माउंट किलिमंजारो पर तिरंगा फहराकर लौटे रियांश और प्रिशा की उपलब्धि उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।