उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 2 फरवरी को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में होगी बारिश-बर्फबारी
मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 2 फरवरी को चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। बारिश और बर्फबारी के चलते इन इलाकों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के निदेशक के अनुसार प्रदेश में 3 फरवरी तक मौसम खराब बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी से प्रदेश में ठंड का प्रकोप और बढ़ जाएगा। खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।