WhatsApp पर चैट बैकअप के लिए मिलेगा नया क्लाउड, क्या अब स्टोरेज के लिए देने होंगे पैसे?
नई दिल्ली (Uttarakhand Post) WhatsApp जल्द ही यूजर्स के लिए अपना खुद का क्लाउड स्टोरेज लॉन्च कर सकता है। इसके बाद चैट बैकअप के लिए Google Drive और iCloud के अलावा WhatsApp Cloud का भी विकल्प मिलेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फीचर Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा।
WhatsApp Cloud से क्या बदलेगा?
फिलहाल Android यूजर्स अपनी चैट का बैकअप Google Drive पर और iPhone यूजर्स iCloud पर सेव करते हैं। लेकिन अब WhatsApp अपना अलग क्लाउड स्टोरेज लाने की तैयारी कर रहा है, जिससे यूजर्स सीधे WhatsApp के सर्वर पर अपनी चैट का बैकअप सुरक्षित रख सकेंगे। इस नए विकल्प का सबसे बड़ा फायदा उन यूजर्स को होगा, जिनकी Google Drive या iCloud स्टोरेज जल्दी भर जाती है।
2GB स्टोरेज मुफ्त मिलने की संभावना
रिपोर्ट्स के अनुसार, WhatsApp शुरुआती तौर पर 2GB फ्री क्लाउड स्टोरेज दे सकता है। इसमें यूजर्स अपनी चैट का बैकअप सुरक्षित रख सकेंगे।
अगर किसी यूजर को अधिक स्टोरेज की जरूरत होगी, तो कंपनी पेड प्लान भी पेश करेगी।
-
2GB स्टोरेज – फ्री
-
50GB स्टोरेज – लगभग 1 डॉलर (करीब ₹95 प्रति माह)
-
1TB तक का स्टोरेज – प्रीमियम प्लान में उपलब्ध
हालांकि, कंपनी ने अभी इन कीमतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
iPhone यूजर्स को होगा सबसे ज्यादा फायदा
Apple iCloud पर केवल 5GB मुफ्त स्टोरेज देता है, जिसमें फोटो, वीडियो, ऐप डेटा और डिवाइस बैकअप भी शामिल होता है। ऐसे में WhatsApp चैट बैकअप के कारण स्टोरेज जल्दी भर जाती है।WhatsApp Cloud आने के बाद यूजर्स को अतिरिक्त iCloud स्टोरेज खरीदने की जरूरत कम पड़ सकती है।
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ सुरक्षित रहेगा बैकअप
रिपोर्ट्स के मुताबिक, WhatsApp Cloud पर सेव होने वाला चैट बैकअप भी End-to-End Encrypted होगा। यानी आपकी चैट को कोई तीसरा व्यक्ति या WhatsApp भी नहीं पढ़ सकेगा। इसके अलावा बैकअप को पासकी, पासवर्ड या एन्क्रिप्शन-की के जरिए अतिरिक्त सुरक्षा भी दी जा सकेगी। खास बात यह है कि एन्क्रिप्शन डिफॉल्ट रूप से ऑन रहेगा।
कब लॉन्च होगा WhatsApp Cloud?
फिलहाल WhatsApp इस फीचर पर काम कर रहा है। अभी इसकी पब्लिक टेस्टिंग शुरू नहीं हुई है, इसलिए इसे सभी यूजर्स तक पहुंचने में कुछ सप्ताह लग सकते हैं। कंपनी की ओर से लॉन्च डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।