अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण शुरु, 2 जुलाई से रवाना होंगे यात्री

जम्मू : पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए इस साल होने वाली तीर्थ यात्रा के लिए पंजीकरण सोमवार से शुरू हो गया है। यह पंजीकरण बालटाल और चंदनवाड़ी दोनों मार्गों से अमरनाथ गुफा जाने के लिए तय 432 बैंकों की शाखाओं के माध्यम से होगा। दोनों ही मार्गों से 48 दिन की यह यात्रा 2 जुलाई से
 

जम्मू : पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए इस साल होने वाली तीर्थ यात्रा के लिए पंजीकरण सोमवार से शुरू हो गया है। यह पंजीकरण बालटाल और चंदनवाड़ी दोनों मार्गों से अमरनाथ गुफा जाने के लिए तय 432 बैंकों की शाखाओं के माध्यम से होगा। दोनों ही मार्गों से 48 दिन की यह यात्रा 2 जुलाई से शुरू होगी और 18 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी। श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पीके त्रिपाठी ने बताया कि पंजीकरण के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को पंजीकरण के लिए आवश्यक स्वास्थ्य प्रमाण पत्र देना होगा। तय बैंक शाखाओं में डॉक्टरों या मेडिकल संस्थान द्वारा जारी तथा संबद्ध राज्य सरकार द्वारा अधिकृत प्रमाण पत्र स्वीकार किए जाएंगे। यात्रा 2016 के लिए वही स्वास्थ्य प्रमाण पत्र वैध माने जाएंगे जो 10 फरवरी या उसके बाद जारी किए गए हों। त्रिपाठी ने बताया कि 13 साल से कम और 75 साल से अधिक उम्र के लोग और छह सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाओं को पंजीकरण की अनुमति नहीं होगी।