कांग्रेस के दो विधायकों का दावा- BJP ने दिया 50 करो़ड़ का ऑफर
किशोर उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रपति शासन के लिए भारतीय जनता पार्टी जिम्मेदार है औऱ जिस तरह से केन्द्र सरकार ने उत्तराखण्ड सरकार को बर्खास्त किया है वो उत्तराखण्ड की जनता की भावनाओं पर कुठाराघात है। किशोर उपाध्याय ने कहा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व विधायकों की खरीद फरोख्त कर रहे हैं और विधायकों को डरा-धमका रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कांग्रेस के विधायकों को तोड़ने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। उपाध्याय ने कहा दो दिन पहले भी कुछ लोग दिल्ली से आये थे और हमारे विधायकों को तोड़ने के लिए 50 करोड़ तक का ऑफर किया।
भंडारी और जीतराम को दिया प्रलोभन !
कांग्रेस विधायक राजेन्द्र भंडारी और जीतराम ने दावा किया कि भाजपा ने उन्हें प्रलोभऩ देकर कांग्रेस छोड़ने का दवाब उन पर बनाया। उन्होंने कहा कि हम बीजेपी के प्रलोभन में नहीं आएंगे और हम मजबूती से कांग्रेस के साथ खड़े हैं। कांग्रेस विधायक भंडारी ने खुद के बारे में चल रही कांग्रेस छोड़ने की ख़बरों पर कहा कि मैं सपने में भी कांग्रेस पार्टी छोडने की बात सोच नही सकता।
किशोर उपाध्याय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के केन्द्रीय नेता आज भी उत्तराखण्ड में विधायकों की खरीद फरोख्त कर सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं लेकिन भाजपा अपने मंसूबों में कभी सफल नहीं होगी।