जनगणना 2027: वो 33 सवाल, जो पूछेगी सरकार, मकान-वाहन से शौचालय की उपलब्धता तक 

केंद्र सरकार की ओर से घोषित जनगणना 2027 के पहल चरण के तहत मकान की स्थिति और सुविधाओं से जुड़े 33 सवाल पूछे जाएंगे। पहले फेज के लिए ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया गया है, जहां लोग खुद अपनी जानकारी भर सकेंगे।
 
 

दिल्ली ( उत्तराखंड पोस्ट) : केंद्र सरकार ने जनगणना 2027 की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के लिए 33 सवालों वाली नई प्रश्नावली जारी की है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी। इसमें इंटरनेट, LPG, पानी और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ बदलते सामाजिक ढांचे को समझने पर खास जोर दिया गया है।

इस प्रश्नावली को 2011 की पिछली जनगणना के बाद भारतीय समाज में आए बदलावों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें घर के प्रकार, स्थान और संरचना से जुड़े सवालों के साथ-साथ डिजिटल युग को देखते हुए इंटरनेट सुविधा की उपलब्धता पर भी नया सवाल शामिल किया गया है। इसके अलावा एलपीजी, पीने के पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच को लेकर भी जानकारी ली जाएगी। 

प्रश्नावली में स्वच्छता और बुनियादी ढांचे से जुड़े पहलुओं पर विशेष जोर दिया गया है।

इसमें शौचालय की उपलब्धता, गंदे पानी की निकासी व्यवस्था और नहाने की सुविधाओं से जुड़े सवाल शामिल हैं।
साथ ही घरों में खाए जाने वाले मुख्य अनाज के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी, जिससे खाद्य सुरक्षा और क्षेत्रीय खान-पान के पैटर्न को समझने में मदद मिलेगी। 


1 भवन नंबर (नगर या स्थानीय प्राधिकारी अथवा जनगणना नंबर)
2. मकान नंबर
3. मकान के फर्श में प्रमुख सामग्री
4. मकान के दीवार में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री
5. मकान के छत में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री
6. मकान के उपयोग
7. मकान की हालत
8. परिवार क्रमांक
9. परिवार के सदस्यों की संख्या
10. परिवार के मुखिया का नाम
11. परिवार के मुखिया का लिंग
12. अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य
13. मकान के स्वामित्व की स्थिति
14. मकान में कमरों की संख्या
15. परिवार में विवाहित दंपतियों की संख्या 
16. पेयजल का मुख्य स्रोत
17. पेयजल स्रोत की उपलब्धता
18. लाइट का मुख्य स्रोत
19. शौचालय की उपलब्धता
20. शौचालय का प्रकार
21. गंदे पानी की निकासी
22. स्नानघर की उपलब्धता
23. रसोईघर, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन
24. खाना पकाने के लिए मुख्य ईधन
25. रेडियो/ट्रांजिस्टर
26. टेलीविजन
27. इंटरनेट सुविधा
28. लैपटॉप/कम्प्यूटर
29. टेलीफोन/मोबाइल फोन/स्मार्ट फोन
30. साइकिल/स्कूटर/मोटरसाइकिल/मोटरसाइकिल/मोपेड
31. कार/जीप/वैन
32. मुख्य अनाज
33. मोबाइल नंबर


जनगणना आयुक्त बोले- रेफरेंस डेट बहुत महत्वपूर्ण

भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण कहते हैं, 'जनगणना की संदर्भ तिथि (रेफरेंस डेट) बहुत महत्वपूर्ण है। संदर्भ समय 1 मार्च की आधी रात है, जो 28 फरवरी 2027 और 1 मार्च 2027 के बीच पड़ती है। इस संदर्भ तिथि का उल्लेख 16 जून 2025 को जारी पहली अधिसूचना में किया गया था, जिसमें जनगणना कराने के इरादे की घोषणा की गई थी। इसी संदर्भ तिथि के कारण इसे जनगणना 2027 कहा जाता है।


दूसरा चरण 1 फरवरी 2027 से शुरू होगा

जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें पहला चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन होगा और दूसरा चरण जनसंख्या गणना, जो 1 फरवरी 2027 से शुरू होगी। यह भारत की 16वीं और स्वतंत्रता के बाद आठवीं जनगणना होगी, जो देश में नीति निर्माण और विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराएगी।