केंद्रीय गृह सचिव की सभी राज्यों को चिट्ठी, सख्ती से लागू करें लॉकडाउन 4.0
नई दिल्ली(उत्तराखंड पोस्ट) कोरोना वायरस के संकट से निपटने के लिए देश में लॉकडाउन को 31 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है ।लॉकडाउन 4.0 के लिए केंद्र सरकार ने गाइडलाइंस भी जारी कर दी हैं।
वहीं लॉकडाउन को बढ़ाए जाने के साथ ही केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखा है। साथ ही लॉकडाउन की नई गाइडलाइन को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बार के लॉकडाउन में राज्यों को ज्यादा अधिकार दिए गए हैं साथ ही राज्यों को अपने यहां रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन तय करने का अधिकार दिया गया है।
वहीं केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर कहा है, ’18 मई 2020 से प्रभावी नए दिशानिर्देशों के तहत, राज्य और केंद्रशासित प्रदेश अब ग्रीन, ऑरेंज और रेड जोन की पहचान कर सकेंगे वहीं जिला प्रशासन, स्थानीय शहरी निकायों के जरिए स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए कंटेनमेंट और बफर जोन की पहचान करेंगे।’
पत्र में कहा गया है कि कंटेनमेंट जोन में सख्ती लागू रहेगी। मेडिकल सुविधा और आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति के अलावा इस जोन में लोगों की किसी भी तरह की मूवमेंट को अनुमति नहीं दी जाएगी। कंटेनमेंट जोन में केवल आवश्यक गतिविधियों की ही अनुमति जारी रहेगी। पूरे देश में सीमित संख्या में कुछ गतिविधियों पर प्रतिबंध जारी रहेगा।
Youtube – http://www.youtube.com/c/UttarakhandPost
Twitter– https://twitter.com/uttarakhandpost
Facebook Page– https://www.facebook.com/Uttrakhandpost