घरेलू LPG सिलेंडर के दाम बढ़े, जानें अब कितने का हुआ सिलेंडर
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है।
सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं, जिससे देशभर के करोड़ों उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
LPG सिलेंडरों की कीमत अब दिल्ली में बढ़ कर 942 रुपये हो गई है। कोलकाता में इसका नया दाम 968 रुपये, मुंबई में 941 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये हो गया है। इससे पहले एक जून को 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। अब घरेलू सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट प्रभावित होने की संभावना है।
आमतौर पर तेल कंपनियां हर महीने की पहली या 15 तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। हालांकि हाल के वर्षों में कंपनियां महीने के बीच में भी कीमतों में बदलाव कर रही हैं। इससे पहले 7 मार्च को घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।