मशहूर सिंगर वाणी जयराम का निधन , घर में पाई गईं मृत

 
 

नई दिल्ली (उत्तराखंड पोस्ट) मशहूर प्लेबैक सिंगर वाणी जयराम का निधन हो गया है । खबर है की वाणी अपने चेन्नई स्थित निवास पर मृत पाई गयी है। वाणी जयराम 77 साल की थीं। खबर से म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गयी।

 

जानकारी के अनुसार पुलिस को वाणी जयराम के चेन्नई स्थित हैडोस रोड, नुंगमबक्कम में उनके घर में मृत पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उनके माथे पर चोट के निशान थे। हालांकि अभी तक मौत की वजहों का पता नहीं चल पाया है। 

 

वाणी जयराम ने हाल ही में एक प्रोफेशनल सिंगर के रूप में म्यूजिक इंडस्ट्री में 50 साल पूरे किए थे। वाणी जयराम तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, हिंदी, उर्दू, मराठी, बंगाली, भोजपुरी और उड़िया में 10 हजार से ज्यादा गाने गाए हैं।

उन्होंने तीन बार सर्वश्रेष्ठ महिला प्लेबैक सिंगर के तौर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता था। उन्हें तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात और ओडिशा से राज्य पुरस्कार भी प्राप्त हुए थे।

वाणी जयराम आरडी बर्मन, केवी महादेवन, ओपी नैय्यर और मदन मोहन समेत कई अन्य प्रसिद्ध संगीतकारों के साथ काम कर चुकी थीं। उन्होंने सदाबहार चार्टबस्टर्स गाने दिए हैं । वाणी जयराम को हाल ही में पद्मभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

वाणी जयराम की आवाज में ‘हम को मन की शक्ति देना मन विजय करे…’ गीत बेहद पॉपुलर हुआ था। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के कई भजन भी गाए थे, जो मीरा की भक्ति पर आधारित थे। इसलिए वाणी जयराम को आधुनिक भारत की मीरा कहा जाता था।