भीषण गर्मी में लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं और यहां अटका पड़ा है मानसून!

देश के कई राज्यों के लोगों को मानसून का बेसब्री से इंतजार है लेकिन समय से पहले आया मानसून अटक गया है। दक्षिण पश्चिम मानसून ने चार दिन पहले गुजरात में प्रवेश किया था लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण तबसे यह राज्य के अन्य हिस्सों में आगे नहीं बढ़ पाया है।

 
 

देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी का विकराल रुप जारी है। आसमान से बरसती आग से राहत मिलने के फिलहाल जल्द आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं।

चारों तरफ बस एक ही सवाल पूछा जा रहा है कि आखिर बारिश कब होगी लेकिन यह इंतजार बढ़ता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बार फिर कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी कर लोगों की टेंशन बढ़ा दी है।

उत्तर भारत में भीषण गर्मी के मद्देनजर मौसम विभाग ने 19 जून तक को उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में लू की चेतावनी जारी की है। हालांकि राज्य में पहले से ही सामान्य से अधिक तापमान चल रहा है, लेकिन आगामी बुधवार को विशेष रूप से भीषण गर्मी पड़ने की उम्मीद है।

यहां बारिश का अलर्ट

लू के अलावा, IMD ने उत्तर बंगाल और उससे सटे सिक्किम के चार जिलों के लिए बारिश का रेड अलर्ट भी जारी किया है तथा क्षेत्र में भारी बारिश जारी रहने के बावजूद संभावित भूस्खलन और बाढ़ की भी चेतावनी दी है।

कहां अटका मानसून

देश के कई राज्यों के लोगों को मानसून का बेसब्री से इंतजार है लेकिन समय से पहले आया मानसून अटक गया है। दक्षिण पश्चिम मानसून ने चार दिन पहले गुजरात में प्रवेश किया था लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण तबसे यह राज्य के अन्य हिस्सों में आगे नहीं बढ़ पाया है।

अन्य राज्यों के मौसम का हाल

स्काइमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान, दक्षिणी छत्तीसगढ़, दक्षिणी ओडिशा, असम और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, पूर्वोत्तर भारत, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा, दक्षिणी गुजरात के कुछ हिस्सों, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, उत्तरी छत्तीसगढ़, रायलसीमा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश हो सकती है।

वहीं उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड और उत्तराखंड में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू संभाग, पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में लू की स्थिति बनी रह सकती है। मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात का मौसम गर्म रहने की संभावना है।