भीषण सड़क हादसा: घूमने गए उत्तराखंड के सात लोगों की दर्दनाक मौत, तीन महीने की मासूम समेत तीन बच्चों ने गंवाई जान
गुजरात (उत्तराखंड पोस्ट) गुजरात में शनिवार रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड का एक आर्मी परिवार घूमने के लिए कच्छ आया था. शनिवार को वे कच्छ का रण घूमकर भुज लौट रहे थे, तभी खावड़ा-भुज हाईवे पर रात करीब 10 बजे उनकी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई. हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। दुर्घटना के बाद कार में सवार लोगों के शव वाहन के भीतर फंस गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बचाव दल को शवों को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
तीन महीने की शिविका समेत तीन मासूम बच्चों की मौत
मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30 वर्ष), उनकी पत्नी सविता (30 वर्ष) और उनकी तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इसके अलावा राजेश सिंह रावत (35 वर्ष), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं (30 वर्ष) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की भी दुर्घटना में मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों के नाम
-
सौरभ सिंह नेगी (30 वर्ष)
-
सविता (30 वर्ष) — सौरभ सिंह नेगी की पत्नी
-
शिविका (3 माह) — सौरभ और सविता की बेटी
-
राजेश सिंह रावत (35 वर्ष)
-
रक्षित (7 वर्ष) — राजेश सिंह रावत की बेटी
-
रिंकी गोसाईं (30 वर्ष)
-
वामिका (4 वर्ष) — रिंकी गोसाईं की बेटी
घूमने गए परिवारों की खुशियां मातम में बदलीं
जानकारी के मुताबिक, सभी लोग गुजरात के भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से जुड़े थे। वे रण ऑफ कच्छ की सैर करने गए थे, लेकिन वापसी के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने सात जिंदगियां छीन लीं।
एक ही हादसे में तीन मासूम बच्चों सहित सात लोगों की मौत की खबर बेहद हृदयविदारक है। इस दुर्घटना से उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में शोक की लहर है।