बारिश के बीच दर्दनाक हादसा,मकान की छत ढही, एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
प्रतापगढ़(उत्तराखंड पोस्ट) लगातार हो रही बारिश के बीच उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली वार्ड में रात करीब तीन बजे जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा मकान मालिक प्रमोद श्रीवास्तव के घर में हुआ। छत गिरते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया।
स्थानीय लोगों की मदद से करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान मल
बे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अमन का इलाज जारी है।
हादसे में इनकी हुई मौत
हादसे में 60 वर्षीय प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी 55 वर्षीय पत्नी रीता श्रीवास्तव, 25 वर्षीय पुत्र नितिन श्रीवास्तव, 23 वर्षीय छोटी बहू माधुरी श्रीवास्तव तथा उनके दो मासूम बेटे दो वर्षीय माधव और चार माह के अद्विक की मौत हो गई।
इलाके में पसरा मातम
एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत से पूरे महुली वार्ड में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण मकान पहले से अधिक कमजोर हो गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।