उत्तराखंड: गैरसैंण पहुंचेगी धामी सरकार, कल से विधानसभा सत्र; विपक्ष ने कसी कमर

 

उत्तराखंड विधानसभा सत्र (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में 27 अक्टूबर से दो दिवसीय विधानसभा सत्र शुरू होने जा रहा है। सत्र में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत सरकार के मंत्री और विधायक सोमवार शाम तक गैरसैंण पहुंचेंगे। सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। जहां सरकार विपक्ष के सवालों का तथ्यों के साथ जवाब देने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।

सात हजार करोड़ का अनुपूरक बजट होगा पेश

27 और 28 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विधानसभा सत्र में सरकार करीब सात हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके अलावा कई विधेयक और विभिन्न विभागों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी। सत्र के दौरान सरकार के कामकाज और प्रदेश से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

विपक्ष के सवालों का जवाब देने को तैयार सरकार

विधानसभा सत्र को लेकर सरकार ने विपक्ष के सवालों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने की तैयारी की है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस ने 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव का एलान किया है। इसके साथ ही कांग्रेस विधायक सदन के भीतर भी विभिन्न मुद्दों को उठाकर सरकार से जवाब मांगेंगे।

430 से अधिक सवाल पहुंचे विधानसभा सचिवालय

सत्र के लिए विधायकों की ओर से अब तक 430 से अधिक प्रश्न विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हो चुके हैं। हालांकि, सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके चलते प्रश्नकाल नहीं होगा। भोजनावकाश के बाद सदन में अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।

गैरसैंण में व्यवस्थाएं पूरी करने में जुटा प्रशासन

विधानसभा सत्र के मद्देनजर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में तैनात अधिकारी व कर्मचारी रविवार को ही गैरसैंण पहुंच गए और अपनी जिम्मेदारियां संभाल लीं। विधानसभा सचिव हेम पंत ने भराड़ीसैंण पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ विधानसभा सचिवालय के कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं।

सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, मंत्रियों, विधायकों और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के गैरसैंण पहुंचने का कार्यक्रम है। दो दिवसीय सत्र के दौरान सदन में बजट, विधायी कार्यों और प्रदेश के अहम मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चर्चा होने की उम्मीद है।