उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई कार, एक की मौत, 7 घायल
टिहरी ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के टिहरी जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है।
कौड़ीयाला क्षेत्र में ब्यासी के पास एक कार अनियंत्रित होकर सरिये से लदे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे सरिये से लदा एक ट्रक खड़ा था, तभी दूसरी ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के वक्त कार में कुल आठ लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और घायलों को कार से बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे में धूमा देवी (55), पत्नी स्वर्गीय दिलवर सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बाकी सात घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।