उत्तराखंड में भीषण हादसा, 4 बाइकों की भिड़ंत में 3 की मौत, 6 घायल
रुड़की (उत्तराखंड पोस्ट) रुड़की के कलियर मार्ग पर कांवड़ पटरी मार्ग शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे से दहल उठा। यहां चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
चार बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत
जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि चार मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।
तीन की मौत, छह घायल
सूचना मिलते ही कलियर कोतवाल कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस ने मृतकों और घायलों की पहचान तथा हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।