हरिद्वार में बड़ा हादसा, गंगनहर में डूबने से 4 कांवड़ियों की मौत

 

 

 

हरिद्वार (उत्तराखंड पोस्ट) धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया। हरिद्वार से गंगाजल भरकर लौट रहे चंडीगढ़ के चार नाबालिग कांवड़ यात्रियों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई।

 

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जल पुलिस और गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला, लेकिन जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

जटवाड़ा पुल के पास हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, चारों किशोर 30 जुलाई की रात चंडीगढ़ से हरिद्वार कांवड़ लेने आए थे। शुक्रवार तड़के गंगाजल भरने के बाद वे अपने अन्य साथियों का इंतजार करते हुए जटवाड़ा पुल के पास रुके।

 

सुबह करीब 4 बजे गर्मी के कारण चारों गंगनहर में स्नान करने उतर गए। बताया जा रहा है कि उस समय नहर में सिल्ट जमा होने के कारण अधिकांश हिस्सों में पानी कम था, जबकि बीच-बीच में गहरे गड्ढों में पानी भरा हुआ था। चारों रेलिंग पार कर ऐसे ही एक गहरे हिस्से में उतर गए और अचानक गहराई में चले जाने से डूब गए।

लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन...

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों किशोरों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन गहरे पानी और तेज ढलान के कारण कोई भी नहर में उतरकर उन्हें बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सूचना मिलते ही जल पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चारों मृतक चंडीगढ़ के निवासी

पुलिस ने मृतकों की पहचान इस प्रकार की है—

  • शिवांशु (16) – निवासी सेक्टर-30 बी, चंडीगढ़
  • नितीश (16) – निवासी सेक्टर-30 बी, चंडीगढ़
  • रोहित (17) – निवासी सेक्टर-26, बाबूधाम कॉलोनी, चंडीगढ़
  • भरत (16) – निवासी सेक्टर-30 बी, चंडीगढ़

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गंगनहर, गंगा या अन्य जल स्रोतों में केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। प्रतिबंधित या गहरे स्थानों पर उतरने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें। थोड़ी-सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।