केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा टला, खाई की ओर लटकी बस, 22 लोग थे सवार
रुद्रप्रयाग( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित फाटा क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा टल गया।
केदारनाथ यात्रा पर जा रहे 22 श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए गहरी खाई की ओर लटक गई। हालांकि, बस पैराफिट के पत्थरों में अटक गई, जिससे सभी यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे से आए 22 श्रद्धालुओं को लेकर बस सोमवार सुबह करीब चार बजे जामू क्षेत्र स्थित एक होटल से केदारनाथ हाईवे की ओर रवाना हुई थी। जामू हेलीपैड के पास ढलान वाले मार्ग पर एक तीखे मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते बस सड़क किनारे बने सुरक्षा पैराफिट को तोड़ते हुए खाई की ओर झुक गई और खतरनाक स्थिति में लटक गई।
बस के खाई की ओर झुकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अंधेरे और भयावह माहौल के बीच कुछ समय के लिए सभी की सांसें थम गईं। इस दौरान चालक ने धैर्य और साहस का परिचय देते हुए घबराहट पर काबू रखा और एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से बाल-बाल बची। यदि बस पैराफिट के अवशेषों में नहीं अटकती, तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। स्थानीय लोगों ने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं बताया।
घटना की सूचना मिलते ही फाटा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही बस को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया।
फाटा चौकी प्रभारी दिनेश सती ने बताया कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।